जालंधर पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल दरांती भी की बरामद
जालंधर: कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने मोटरसाइकिल की टक्कर को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति पर हमला करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई दरांती भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों पर डीसीपी सिटी आदित्य एस. वारियर, एडीसीपी सिटी-2 माधवी शर्मा और एसीपी मॉडल टाउन मनमोहन सिंह की निगरानी में की गई। थाना डिवीजन नंबर 7 के प्रभारी इंस्पेक्टर रविंदर कुमार की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काबू किया।
जानकारी के मुताबिक, 24 सितंबर को एएसआई सतिंदर कुमार को सिविल अस्पताल से सूचना मिली थी कि मिंटू पुत्र अंसार, निवासी ईदगाह मोहल्ला, गढ़ा, जालंधर, चोटिल हालत में अस्पताल में भर्ती है। पुलिस को दिए बयान के अनुसार कुछ समय पहले मोटरसाइकिल की टक्कर को लेकर उसका विवाद हुआ था। बाद में जब वह अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था, तो उसी विवाद को लेकर दोबारा कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने उस पर दरांती से हमला कर उसे घायल कर दिया।
मामले में थाना डिवीजन नंबर 7 में केस नंबर 245, दिनांक 24.09.2026, धारा 109, 126(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय चेतन पुत्र स्वर्गीय विकास कुमार और 18 वर्षीय लुईस पुत्र स्वर्गीय विकास कुमार, दोनों निवासी मकान नंबर 1124, वाल्मीकि मोहल्ला, गढ़ा, जालंधर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल की गई दरांती बरामद कर ली है। कमिश्नरेट पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी है।