KMV ने मनाई पर्यावरण-अनुकूल दिवाली

एजुकेशन जालंधर

न्यूज़ 360 ब्रॉडकास्ट

हरित संदेश फैलाने के लिए जागरूकता रैली का आयोजन

जालंधर: शहर के कन्या महाविद्यालय (ऑटोनॉमस) द्वारा विद्यार्थी कल्याण विभाग के तत्वावधान में पर्यावरण- अनुकूल ‘हरित एवं स्वच्छ दिवाली’ मनाने के उद्देश्य से एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य समुदाय को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना, त्योहारों को टिकाऊ एवं पर्यावरण-अनुकूल तरीके से मनाने के लिए प्रोत्साहित करना तथा ध्वनि और वायु प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों के उपयोग को हतोत्साहित करना था।

इस अवसर पर उत्साह से भरी बड़ी संख्या में छात्राओं, एन.सी.सी. कैडेट्स और शिक्षकों ने भाग लिया। सभी के हाथों में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए रंग-बिरंगे, स्वयं निर्मित पोस्टर, बैनर और तख्तियां थीं। छात्राओं ने ‘हरित दिवाली, स्वच्छ दिवाली’ और ‘पटाखों को कहें ना’ जैसे उत्साहपूर्ण नारे लगाकर आम जनता को प्रकाश के इस पर्व को जिम्मेदारीपूर्वक मनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर छात्राओं ने अधिक से अधिक पेड़ लगाने, एकल उपयोग वाले प्लास्टिक का त्याग करने तथा त्योहारों के दौरान पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाने की सामूहिक शपथ भी ली।

वहीं संस्था की डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) अतिमा शर्मा द्विवेदी ने हरित रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए उन्होंने सभी से अपील की कि वे घरों को अत्यधिक
बिजली की लाइटों से सजाने के बजाय पारंपरिक मिट्टी के दीये जलाएं, पटाखों से परहेज करके प्रदूषण को कम करें तथा जरूरतमंद लोगों को उपहार और सहायता प्रदान करके त्योहारों की खुशियां साझा करें।

उन्होंने इस जागरूकता अभियान को सफलतापूर्वक आयोजित करने तथा युवा पीढ़ी को पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने हेतु विद्यार्थी कल्याण विभाग और फैकल्टी कोऑर्डिनेटर्स के प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *