KMV की छात्राएं प्रोजेक्ट ‘जलनिर्यास’ AICTE फेलोशिप के अंतिम चरण के लिए चयनित

एजुकेशन जालंधर

न्यूज़ 360 ब्रॉडकास्ट

जालंधर: शहर के कन्या महाविद्यालय (स्वायत्त) के स्नातकोत्तर फिजिक्स विभाग ने अपने इनोवेटिव प्रोजेक्ट ‘जलनिर्यास- ठहरे हुए पानी को स्वचालित रूप से बाहर निकालने वाला उपकरण’ के राष्ट्रीय स्तर पर अंतिम चरण के लिए चयनित होने से संस्थान का गौरव बढ़ाया है। इस प्रोजेक्ट को पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में आयोजित एआईसीटीई प्रोडक्टाइजेशन फेलोशिप (एपीएफ) 2025 और युक्ति इनोवेशन चैलेंज के अंतिम चरण के लिए चुना गया है।

शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल (MIC), इंस्टीट्यूशन्स इनोवेशन काउंसिल (IIC) और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) के तत्वावधान में आयोजित यह फेलोशिप प्रोजेक्ट को एक उपयोगी उत्पाद के रूप में विकसित करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। इसके अंतर्गत प्रतिवर्ष लगभग पाँच लाख रुपये की संभावित वित्तीय सहायता उपलब्ध हो सकती है, जिसमें विद्यार्थियों के लिए 37,000 रुपये प्रति माह की फेलोशिप भी शामिल है। इस प्रोजेक्ट का नेतृत्व छात्राएँ मनप्रीत कौर और हरमप्रीत कौर कर रही हैं।

यह प्रोजेक्ट संस्थान की निदेशक प्रो. (डॉ.) अतिमा शर्मा द्विवेदी के नेतृत्व तथा डॉ. नीतू वर्मा और डॉ. सुरभि के मार्गदर्शन में विकसित किया गया है। ‘जलनिर्यास’ को इस प्रकार तैयार किया गया है कि यह सड़कों पर विभिन्न स्तरों पर जमा हुए पानी को स्वचालित रूप से बाहर निकाल सके, राहगीरों और वाहन चालकों को सचेत कर सके तथा पानी को एकत्र करने की सुविधा भी प्रदान करे। यह प्रोजेक्ट सामाजिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तकनीकी समाधान विकसित करने के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ‘जलनिर्यास’ की यात्रा वर्ष 2020 में इसकी अवधारणा तैयार करने के साथ शुरू हुई। वर्ष 2021 में इसका प्रारूप विकसित करके एक कार्यशील मॉडल तैयार किया गया। इसके बाद
वर्ष 2022 से 2026 के बीच इस प्रोजेक्ट ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल की।

इस प्रोजेक्ट ने वर्ष 2023 में डिज़ाइन पेटेंट और वर्ष 2024 में प्रक्रिया पेटेंट प्राप्त करके महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल कीं। इसके अतिरिक्त इसे कोलकाता स्थित साइंस सिटी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय म्यूज़ियम एक्सपो 2024 में प्रदर्शित किया गया। शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल द्वारा इस प्रोजेक्ट को उत्तर क्षेत्र में प्रथम स्थान भी प्राप्त हुआ। वर्ष 2025 में युक्ति इनोवेशन चैलेंज और एआईसीटीई प्रोडक्टाइजेशन फेलोशिप के प्रारंभिक चरणों में चयनित होने के बाद यह प्रोजेक्ट वर्ष 2026 में अंतिम चरण तक पहुँचने में सफल रहा।

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संस्थान की निदेशक प्रो. (डॉ.) अतिमा शर्मा द्विवेदी ने छात्राओं के समर्पण, मेहनत और नवाचारपूर्ण सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केएमवी के उस दृष्टिकोण को और सुदृढ़ करती है, जिसके अंतर्गत छात्राओं को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मविश्वासी एवं सक्षम नवाचारकर्ता बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *